डिबाई। ब्लॉक डिबाई क्षेत्र के अलग-अलग नौ सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। वाटर कूलर लगाने पर 41.94 लाख खर्च होंगे। एक वाटर कूलर लगाने पर 4,66,000 रुपये का खर्च आएगा। इसके लिए ब्लॉक डिबाई की ओर से प्रस्ताव तैयार करने के साथ वाटर कूलर लगाने के लिए जगह तय कर ली गई है।
खंड विकास अधिकारी डिबाई विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि वर्ष 2025-26 में पंचम राज्य आयोग व 15वां केंद्रीय वित्त आयोग योजना अंतर्गत क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी योजना के अंतर्गत क्षेत्र के अलग-अलग सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर लगाए जाएंगे। वाटर कूलर लगने के बाद राहगीरों व अन्य लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
यह सभी वाटर कूलर ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव खुशालाबाद में प्राइमरी स्कूल के पास, गांव कलां कसेर में शिव मंदिर के पास, गांव डिबाई खुर्द में डिबाई नरौरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास, गांव नगला सुतारी में आर्य समाज मंदिर के पास, गांव बझेड़ा में प्राइमरी स्कूल के पास, गांव रामपुर में सार्वजनिक स्थल के पास, गांवनगला कोठी में बारात घर के पास और गांव खैरपुर में आंबेडकर पार्क के पास सार्वजनिक स्थल पर वाटर कूलर लगेंगे।