जहांगीराबाद के मोहल्ला रामगढ़ी में सील किया गया गोदाम। संवाद
जहांगीराबाद। सरकारी राशन की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर मोहल्ला रामगढ़ी स्थित एक गोदाम को एसडीएम अनूपशहर की देखरेख में बुधवार को सील करने की कार्रवाई की गई। एसडीएम के अनुसार गोदाम में रखे राशन की बृहस्पतिवार को जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई होगी।
एसडीएम अनूपशहर नवीन कुमार ने बताया कि शिकायत मिली थी कि जहांगीराबाद क्षेत्र के मोहल्ला रामगढ़ी स्थित एक गोदाम में सरकारी राशन की कालाबाजारी की जा रही है। शिकायत मिलने पर नायब तहसीलदार अनूपशहर अखिलेश कुमार और जहांगीराबाद पुलिस को साथ लेकर गोदाम पर बुधवार को निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान गोदाम संचालक फरार हो गया। गोदाम में काफी राशन है। शिकायत के माध्यम से बताया गया कि यहां पर कोटेदारों से सरकारी राशन खरीदा जाता है। वहीं, आसपास के लोगों ने बताया कि उपभोक्ताओं से भी गांव-गांव से खासकर सरकारी चावल की खरीद कर इस गोदाम में एकत्रित किया जाता है। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है। गोदाम में रखे राशन की बृहस्पतिवार को खाद्य एवं विपणन विभाग और जिला पूर्ति कार्यालय के अधिकारियाें व कर्मचारियों से जांच कराई जाएगी कि राशन सरकारी तो नहीं है। साथ ही यह पता किया जाएगा कि यह धंधा कब से चल रहा है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। यदि गोदाम में सरकारी राशन मिला तो उसके संचालक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।