संवाद न्यूज एजेंसी
डिबाई-चोला। लगातार बारिश के बाद भी मकान गिरने का सिलसिला जारी है। डिबाई क्षेत्र के गांव पोखरपुर में दीवार गिरने से मलबे में दबकर 70 वर्षीय किसान की मौत हो गई, जबकि एक सात साल की बच्ची घायल हो गई। घायल बच्ची को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है। चोला क्षेत्र के गांव बिरोंडी तापुर और गांगरौल में बारिश से कई लोगों को घर गिर गए। यहां एक महिला घायल हो गई।
डिबाई क्षेत्र के गांव पोखरपुर में शनिवार सुबह दीवार गिरने से 70 वर्षीय किसान जीवाराम की मौत हो गई। बताया गया कि जीवाराम सुबह अपने अहाते में बैठे थे। उनके पास ही उनकी पोती दिप्ती उर्फ दिव्या मौजूद थी। इसी दौरान पड़ोसी श्याम लाल के मकान की दीवार भर-भराकर गिर गई। मलबे में दोनों लोग दब गए। चीख-पुकार सुनकर लोगों की भीड़ मौके पर बचाव के लिए एकत्र हो गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जीवाराम को मृत घोषित कर दिया। घायल दिव्या को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। चोला क्षेत्र के गांव गांगरौल में महिला राजकुमारी का मकान बारिश के कारण शनिवार की सुबह भरभराकर गिर गया। मलबे में की चपेट में आने से राजकुमारी के पैर, सिर में चोट लगी है। वहीं, गांव बिरोंडी ताजपुर में साबिर अचानक अचानक गिर गया। बताया जाता है कि घटना के समय परिवार के सभी लोग मकान में बैठे बात कर रहे थे। आवाज होने पर सभी लोग बाहर निकल गए। समय रहते बाहर निकलने से परिवार के सभी लोग सुरक्षित बच गए। एसडीएम रेनू सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर जाकर जांच किए जाने के निर्देश दिए गए है। नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
मकान गिरने से अनाज व जरूरी सामान दबकर नष्ट
पहासू। क्षेत्र के गांव दीघी में तीन दिन से हो रही बारिश के कारण शनिवार सुबह एक मकान भरभराकर गिर गया। ग्राम प्रधान शब्बीर मलिक ने बताया कि गांव में फरीदा अपने बच्चों के साथ मजदूरी कर अपना और बच्चों का गुजारा करती है। अचानक उसका मकान बारिश के कारण गिर गया। मकान में अनाज, बिस्तर व अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया। हादसे के समय घर के सदस्य बाहर भागने के कारण बाल-बाल बच गए। अचानक आई आपदा से परिवार का हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके का मुआयना कर अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। संवाद
भटौना में पुरानी हवेली का काफी हिस्सा गिरा
गुलावठी। गांव भटौना में शनिवार को एक पुरानी हवेली का कुछ भाग बारिश से भर-भराकर गिर गया। हवेली का मलबा रास्ते में और एक मकान की दीवार पर गिरा, जिससे आवागमन बाधित हो गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बताया कि ज्ञानी सिंह के नाम से पुरानी हवेली जानी जाती है। उनके परिजन हवेली परिसर में बने दूसरे मकान में रहते हैं। हवेली जर्जर होने के कारण उसमें कोई नहीं रहता था। बारिश के कारण हवेली का कुछ भाग भर-भराकर गिर गया। हवेली का मलबा मूले सिंह की मकान की दीवार तथा रास्ते में गिरा। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीण रास्ते से मलबा हटाने में लगे हुए हैं। संवाद
हाईटेंशन लाइन पर गिरा पोड़, हादसा बचा
जहांगीराबाद। शुक्रवार की रात को बारिश के साथ तेज हवा चलने से मोहल्ला लोधराजपूतान में एक पेड़ गिर गया। इस पेड़ की चपेट में हाईटेंशन लाइन भी आ गई। लोगों ने इसकी जानकारी तहसील समेत विद्युत अधिकारियों को दी। सूचना पर एसडीओ विद्युत दयाशंकर सिंह व तहसील के लोग मोहल्ले में पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जायजा लेने गए अधिकारियों के सामने मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार इस लाइन को मकानों से अलग हटाकर शिफ्ट कराने की मांग की है लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इन लाइनों के चलते पूर्व में भी कई बार जानवरों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह इस मामले की एक रिपोर्ट तैयार कर आला अधिकारियों को भेजेंगे। संवाद