भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में मंच पर मौजूद प्रभारी मंत्री डा. अरुण सक्सेना व अन्य
बुलंदशहर। वक्फ बिल का संशोधन मुस्लिम समाज के हित में किया गया है। संशोधन से वक्फ बिल का लाभ गरीबों को मिल सकेगा। यह बातें जिले के प्रभारी मंत्री डा. अरुण सक्सेना ने सोमवार को भाजपा के जिला कार्यालय पर आयोजित अल्पसंख्यक प्रबुद्ध संवाद कार्यक्रम में कहीं।
प्रभारी मंत्री डा. अरुण सक्सेना ने कहा कि विपक्ष द्वारा मुस्लिम समाज को बरगलाया जा रहा है। इस कानून के तहत किसी भी मुस्लिम समाज की धार्मिक संपत्ति को न तो नष्ट किया जाएगा और न ही छीना जाएगा। इस कानून से मुस्लिम समाज के गरीब तबके और जरूरतमंद लोगों को लाभ मिलेगा।
कहा कि जनकल्याण के लिए बनाया गया वक्फ बोर्ड भारत का सबसे बड़ा घोटाला बन चुका है। जिन लोगों ने वक्फ की संपत्ति पर अवैध कब्जा किया हुआ है, वही लोग अब कार्रवाई के डर से लोगों को बरगला रहे हैं। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने कहा कि आज भी 31 फीसदी मुसलमान गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं।
जबकि लाखों करोड़ों की वक्फ संपत्ति द्वारा उनके विकास के लिए कुछ नहीं किया गया। जबकि वक्फ का मतलब अल्लाह के नाम पर दान देना, जिससे गरीब लोगों को फायदा हो। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विकास चौहान और संचालन नदीम अख्तर ने किया। इस मौके पर विधायक संजय शर्मा, विधायक देवेंद्र लोधी, विधायक लक्ष्मीराज सिंह, संजय माहेश्वरी मौजूद रहे।