बुलंदशहर। एक केजीबीवी एक खेल के तहत दो कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में छात्राओं के लिए वालीबाल और फुटबाल का मैदान बनाया जाएगा। इसके लिए शासन से 22 लाख 42 हजार रुपये के बजट को स्वीकृति मिल गई है। इसमें वालीबाल के लिए 10 लाख 59 हजार और फुटबाल के लिए 11 लाख 83 हजार रुपये शामिल हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं के खेलकूद की गतिविधियों को नियमित किए जाने को लेकर विद्यालय परिसर में खेल का मैदान बनाया जाएगा। जिले में 16 कस्तूरबा विद्यालय संचालित हैं। पहले चरण में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय डिबाई और बुलंदशहर ग्रामीण का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव बनाकर सत्यापन के लिए सीडीओ को भेजा गया है। जल्द ही बजट मिलने के बाद काम को शुरू करा दिया जाएगा।