बुलंदशहर। विटामिन ए की कमी से होने वाली बीमारियों से बच्चों को बचाने के लिए 27 दिसंबर की जगह अब स्वास्थ्य विभाग 29 दिसंबर से अभियान शुरू करेगा। इस दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को एक माह तक विटामिन ए का सप्लीमेंट पिलाया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी टीकाकरण केंद्र पर विटामिन ए की दवा पहुंचाने में विभाग जुटा हुआ है। वहीं, विभाग ने विटामिन ए की दवा पिलाने के लिए 4.91 लाख बच्चों का लक्ष्य रखा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हरेंद्र बंंसल ने बताया कि नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को बीमारी से बचाव के लिए सभी टीकाकरण केंद्रों पर विटामिन ए की अतिरिक्त खुराक पिलाने को 27 दिसंबर से अभियान शुरू किया जाना था। शनिवार व रविवार को अवकाश के चलते अब यह अभियान 29 दिसंबर से शुरू होगा।
यह अभियान करीब एक माह तक चलेगा। इसके लिए जिले में चार लाख 91 हजार बच्चों को चिन्हित किया गया है। बताया कि विटामिन ए की कमी से बच्चों में प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है। इससे खसरा, दस्त, संक्रमण, आंखों की बीमारी होने का खतरा बना रहता है। इससे बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाने के लिए अभियान चलाएगा। दवा पीने से बच्चे की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होगी तो खसरा, दस्त, संक्रमण, आंखों की बीमारी होने का खतरा नहीं होगा।
यह दवा सभी सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर भेजी जा रही है। सभी अभिभावकों से अपील है कि अपने बच्चों को विटामिन ए की दवा जरूर पिलवाएं।