सिकंदराबाद। बरसात में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हर उम्र के लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को सीएचसी में करीब 600 मरीज पहुंचे। इनमें से 420 मरीज वायरल संक्रमण से पीड़ित थे।
डॉ. किंजल ने बताया कि उपचार के लिए पहुंचे रोगियों में ज्यादातर जुकाम, खांसी और बुखार से पीड़ित थे। वहीं 80 रोगी खुजली की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इन दिनों वायरल संक्रमण के कारण बुखार हो रहा है। बुखार के साथ नाक बहना या बंद होना, गले में खराश और थकान जैसे लक्षण भी हो रहे हैं। फिजिशियन एवं सर्जन डॉ. प्रदीप दीक्षित ने बताया कि मानसूनी बुखार आमतौर पर धीरे-धीरे शुरू होता है और अक्सर खांसी या जुकाम जैसे श्वसन संबंधी लक्षणों के साथ होता है। रोगी जल्द ठीक हो जाते हैं। यदि डेंगू है तो समस्या होती है। तुरंत उपचार की आवश्यकता होती है।
बच्चे जल्दी आते हैं चपेट में
डॉ. मुर्शद करीम ने बताया कि इस मौसम में बच्चों के जल्द बीमार होने का खतरा ज्यादा रहता है। इस वजह यह है कि बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। इससे वह जल्द संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं।