बुलंदशहर। बदलते मौसम के साथ वायरल बुखार लोगों पर काफी प्रभाव डाल रहा है। इस बार वायरल बुखार चिकनगुनिया की तरह पूरे शरीर में दर्द पैदा कर रहा है। लोगों को इससे उबरने में 10 से 15 दिन का समय लग रहा है। जबकि वायरल पांच से छह दिन में ठीक हो जाता है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 150 से अधिक वायरल बुखार के मरीज आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को पांच बुखार पीड़ितों को वार्ड में भर्ती किया गया।
जिला अस्पताल की ओपीडी व इमरजेंसी में प्रतिदिन 150 से अधिक बुखार पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज उपाध्याय ने बताया कि मौसम में डेंगू, मलेरिया और वायरल के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रतिदिन ओपीडी में 150 से अधिक मरीज ओ रहे हैं। इन मरीजों को बुखार के साथ-साथ हाथ-पैर, कमर, गर्दन, पीठ और मांसपेशियों में भी दर्द हो रहा है, ये लक्षण चिकनगुनिया मरीजों में देखे जाते हैं। कई बुखार पीड़ित ठीक होने के बाद कई दिनों तक दर्द और कमजोरी के कारण ठीक से चल नहीं पा रहे हैं। ऐसे मरीजों को प्रतिदिन विशेषज्ञ परामर्श दे रहे हैं। जिला अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राना ने बताया कि वर्तमान मौसम डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और वायरल बुखार के अनुकूल है। ओपीडी व इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को प्रतिदिन परामर्श के साथ जरूरी दवाएं दी जा रही है। गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।