बुलंदशहर। बागपत के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस की तफ्तीश उस युवती पर टिकी हुई है जो उसे अस्पताल छोड़कर लापता हो गई। पुलिस ने सोमवार को काला आम चौराहा, मलका पार्क और जिला अस्पताल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
बागपत के फतेहपुर पूठी निवासी विनोद कुमार (34) रविवार सुबह अपनी बाइक लेकर निकले थे। बुलंदशहर पहुंचने के बाद वह मलका पार्क के पास बाइक खड़ी कर अंदर गए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, पार्क में एक युवती से मुलाकात के दौरान विनोद की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेसुध होकर गिर पड़े। युवती ने राहगीरों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विनोद की मौत के बाद युवती ने ही उसके भाई प्रदीप को फोन कर सूचना दी और फिर अस्पताल से गायब हो गई। नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण प्रारंभिक रूप से हृदय गति रुकना आया है। विसरा सुरक्षित किया गया है। हालांकि, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक बागपत से इतनी दूर उस युवती से मिलने क्यों आया था और वह युवती कौन थी।