अनूपशहर। गांव नेता नगर की सड़क की पटरी पर जल भराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने कांग्रेसियों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने समस्या समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
अनूपशहर-बुलंदशहर रोड से करनपुर शकोई मार्ग पर गांव नेता नगर में सड़क के साथ नाला निर्माण न होने से जल भराव हो रहा है। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की।
समाधान न मिलने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह राघव को सूचना दी। वह महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा गौड़, जिला उपाध्यक्ष सलाम खां और ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा के साथ मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने जलभराव दिखाते हुए विभाग, स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने शीघ्र समस्या का समाधान न होने पर विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन में सचिन जाटव, हनेश जाटव, सूरजपाल जाटव, योगेश जाटव, राजेंद्री जाटव, ओमवती जाटव, बबलू जाटव, पप्पू जाटव, प्रेमपाल जाटव, मलखान जाटव, अंगूरी देवी, इंदिरा जाटव, संतराम समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे।