कंप्यूटर और सीसीटीवी कैमरे से लैस होंगे ग्राम सचिवालय, मिलेगी इंटरनेट की सुविधा
बुलंदशहर। ग्रामीणों को गांव में ही हर सुविधा मुहैया कराने के लिए शासन ने ग्राम सचिवालय बनाने के काम में तेजी लाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले की 946 ग्राम पंचायतों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। इनके संचालन पर 16.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सीसीटीवी के साथ कंप्यूटर और सोलर पैनल समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं गांवों में मौजूद रहेंगी। इंटरनेट की व्यवस्था के चलते ग्रामीणों को अपने घर के पास ही सारी सुविधाएं मिल जाएंगी।
बैंक सखी के बैठने की भी होगी व्यवस्था
सरकार की पहल से जिले की 946 ग्राम पंचायतों में ग्राम स्वराज के तहत ग्राम सचिवालय संचालित किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक पंचायत भवन को इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। यहां पर कॉमन सर्विस सेंटर संचालित किया जाएगा। साथ ही बैंक सखी के बैठने की भी व्यवस्था होगी। एक ग्राम सचिवालय को संचालित करने के लिए 1.75 लाख रुपये से कंप्यूटर, कुर्सी-मेज, आलमारी, सोलर पैनल, इनवर्टर व बैटरी समेत सीसीटीवी कैमरा आदि सामग्री की खरीद की जाएगी।
विभागीय अफसरों ने बताया कि ग्राम सचिवालय के संचालित होने पर ग्रामीणों को अपने किसी भी तरह के सरकारी अथवा अन्य काम के लिए जिला स्तर से लेकर तहसील और ब्लॉक स्तर के कार्यालयों में जाने से मुक्ति मिलेगी। बताया गया कि ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। पहले से गांव में बने पंचायत भवनों की मरम्मत कराई जा रही है। जिन गांवों में पंचायत भवन नहीं और वहां बनाने के लिए जमीन नहीं है। वहां पर जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन नहीं मिलने पर किराए के भवन में ग्राम सचिवालय का संचालन किया जाएगा। जिले की 946 ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालयों को संचालित करने के लिए 16.55 करोड़ से अधिक की राशि खर्च होगी। एक सचिवालय को संचालित करने के लिए शासन से 1.75 लाख रुपये की राशि मिलेगी।
ग्राम पंचायतों में रखे जाएंगे पंचायत सहायक
जिले की 946 ग्राम पंचायतों में बनने वाले ग्राम सचिवालय को संचालित करने के लिए पंचायत सहायकों की नियुक्ति होगी। इसके लिए दो अगस्त से 17 अगस्त तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। इसके बाद 24 से 31 अगस्त तक मेरिट बनेगी। बताया गया कि पंचायत सहायक का काम एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री आपरेटर की तरह होगा। पंचायत सहायक को संविदा पर नियुक्त किया जएगा।
उनको छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय भी दिया जाएगा। बताया गया कि ग्राम पंचायत पर जिस आरक्षण से प्रधान बना है, उसी आरक्षण के आवेदन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा जिस परिवार के मुखिया की कोरोना से मौत हो चुकी है और उसके परिवार से यदि कोई आवेदन करता है तो उसे भी प्राथमिकता मिलेगी। यदि एक ग्राम पंचायत से 10 या इससे अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, उनमें से मेरिट के आधार पर पंचायत सहायक की नियुक्ति की जाएगी।
ब्लॉकवार 946 ग्राम पंचायतों की संख्या
ब्लॉक का नाम कुल ग्राम पंचायत
अनूपशहर 76
अगौता 47
बीबीनगर 34
बुलंदशहर 70
डिबाई 58
गुलावठी 37
जहांगीराबाद 60
खुर्जा 83
ऊंचागांव 55
पहासू 69
स्याना 30
सिकंदराबाद 91
दानपुर 63
शिकारपुर 66
लखावटी 45
अरनिया 62
जिले की ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय संचालित करने की कवायद तेज हो गई है। इस कार्य पर 16.55 करोड़ से अधिक की राशि खर्च होगी। वहीं, दूसरी ओर ग्राम सचिवालय के संचालन के लिए पंचायत सहायक की नियुक्ति होगी। इसके लिए 17 अगस्त तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
- प्रीतम सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी।