हसनगढ़ के ग्राम प्रधान हाजी आरिफ और उनके भाई कासिम को एडीएम वित्त एवं राजस्व ने जिला बदर कर दिया है। हाजी आरिफ सपा के पूर्व नेता हैं और डांसर संग ठुमके लगाने व पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां के निशाने पर आने के चलते चर्चा में रहे थे।
खुर्जा नगर के मोहल्ला शेखपेन निवासी हाजी आरिफ गांव हसनगढ़ का प्रधान है। हाजी आरिफ वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में आए थे। जो वीडियो वायरल हुआ था उसमें वह अपने समर्थकोें के साथ डांस गर्ल के संग तमंचा लहराते हुए ठुमके लगा रहे थे।
इतना ही नहीं आजम खां के एक प्रोग्राम से पहले हाजी आरिफ ने आजम खां के साथ फोटो वाले होर्डिंग्स नगर में टंगवा दिए थे। इसकी भनक जैसे ही पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां को लगी आनन-फानन में शहर से सभी होर्डिंग्स हटवा दिए गए।
हालांकि सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल रब ने हाजी आरिफ और उनके भाई का सपा से नाता नहीं होने का दावा किया था। हाजी आरिफ पर पांच और उनके भाई कासिम के खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हाजी आरिफ प दर्ज मुकदमे
हाजी आरिफ पर पांच मुकदमे दर्ज है। आईपीसी की धारा 467, 468, 420, 307, 302, गोवध अधिनियम, 302, 307, 201, 452, 504 के तहत एफआईआर दर्ज हैं। एनडीपीएस एक्ट, 25 आर्म्स एक्ट एवं एक बीट सूचना भी दर्ज है।
आरिफ के भाई कासिम पर दर्ज केस
आरिफ के भाई कासिम पर एक बीट सूचना के साथ आईपीसी की धारा 302, 307, गोवध अधिनियम, 504, 504, 201 के तहत एफआईआर दर्ज हैं। कासिम पर कुल छह केस दर्ज हैं।
हसनगढ़ के प्रधान हाजी आरिफ और उनके भाई को जिला बदर कर दिया गया है। आरिफ पर पांच और उनके भाई पर छह केस दर्ज हैं। दोनों भाइयों पर हत्या, हत्या का प्रयास आदि संगीन धाराओं में केस दर्ज थे। - बृजेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व