विद्युत सखी क्षमा ने सर्वाधिक बिल जमा कर प्रदेश में पाया दूसरा स्थान
बुलंदशहर। बिजली बिल जमा कराने में स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखी क्षमा शर्मा ने प्रदेश में दूसरा स्थान पाया है। इस पर निगम के अधिकारियों ने उसे बधाई दी। इस उपलब्धि पर उसे 10 दिसंबर को लखनऊ में संपन्न हुए एक कार्यक्रम में सम्मानित किया गया है। मैनपुरी जिले की प्रीति ने पहला और औरेया की अनीता देवी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
उपभोक्ताओं से बकाया बिल वसूलने और महिलाओं को रोजगार देने के लिए बिजली निगम ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बीच एक अनुबंध किया है। इसके माध्यम से जिले में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बिल जमा करा रही हैं। इस पर उन्हें कमीशन मिलता है। वहीं, उपभोक्ताओं को भी घर बैठे बिल जमा करवाने की सुविधा मिलती है। पिछले दिनों प्रदेश भर में स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखियों द्वारा जमा किए बिल में से सर्वाधिक बिल जमा करने वालों की सूची जारी की गई थी। तहसील सदर के गांव बहलीमपुरा की रहने वाली क्षमा शर्मा प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहीं। क्षमा ने बताया कि ने बताया कि उन्होंने इसी वर्ष अप्रैल से बिजली बिल जमा करने की शुरूआत की थी। अब तक उन्होंने 6436 उपभोक्ताओं से एक करोड़ 84 लाख रुपये का बिल जमा करवाया है।
1.30 लाख रुपये मिला कमीशन
क्षमा शर्मा ने बताया कि सर्वाधिक बिजली बिल जमा करवाने पर उन्हें 1.30 लाख रुपये का कमीशन मिला है। इसमें से 80 हजार की राशि प्राप्त हो गई है, जबकि शेष राशि जल्द मिलने की संभावना है। बिजली बिल जमा करने पर विद्युत सखी को एक बिल पर 11.50 रुपये का कमीशन मिलता है। कमीशन की राशि का भुगतान बिजली निगम की ओर से सखियों के खातों में भेजा जाता है।