क्षेत्र के एक गांव में पति-पत्नी का विवाद निपटाने गई यूपी-100 की टीम का महिला से घूस लेते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। मामला संज्ञान में आने पर एसएसपी ने सीओ डिबाई से जांच कराई। सीओ के अनुसार पुलिस टीम के घूस लेने की पुष्टि नहीं हो सकी है। पीड़िता ने भी रुपए देने से इनकार करने पर एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को क्लीन चिट दे दी।
दौलतपुर चौकी क्षेत्र के गांव नगला टीडा निवासी राजकुमार पत्नी कृष्णा के साथ नोएडा रहता है। दादी की मौत पर ये लोग मंगलवार को गांव आए थे। गांव में राजकुमार ने शराब पीकर उत्पात मचाया। परिजनों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया।
सूचना पर एचसीपी सोहनवीर व कांस्टेबल समोद व हरेश ने कमरे से राजकुमार को बाहर निकाला। इस बाद राजकुमार काम पर नोएडा जाना चाहता था, लेकिन कृष्णा गांव उमरारा में मायके जाना चाहती थी। पुलिस ने राजकुमार को बस में बैठाने के लिए गाड़ी में बैठा लिया था।
कृष्णा पति को रुपए कम दे रही थी। पुलिस के सहयोग से उसने 1200 रुपये खर्चे के लिए पति को दिए। गांव में किसी युवक द्वारा यह वीडियो बनाकर व्हाट्सएप व फेसबुक पर वायरल कर दी गई।
एसएसपी ने सीओ डिबाई को भेजकर जांच करने के आदेश दिए। जांच में पता चला कि पुलिसकर्मियों ने कोई रिश्वत न तो मांगी और न ही कृष्णा ने दी। एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि वीडियो को गलत तरीके से प्रसारित किया गया है। जांच में घूस लेने की पुष्टी नहीं हुई है।