बुलंदशहर। प्रशासन की सख्ती और लगातार निगरानी के बावजूद पराली जलाने की घटनाओं को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। मंगलवार को दोस्तपुर हाईवे के पास सर्विस रोड से सटे दो खेतों में पराली जलाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वीडियो में खेतों से धुआं उठता दिखाई देने पर कृषि विभाग ने तत्काल टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई। हालांकि, विभागीय अधिकारियों के अनुसार मौके पर पराली नहीं बल्कि कूड़ा जलता मिला।
उप कृषि निदेशक बबलू कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय टीम को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो खेतों में कूड़ा जलता पाया गया। ऐसे में पराली जलाने की पुष्टि नहीं हुई।
विभाग की ओर से क्षेत्र में निगरानी भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में पराली और कृषि अवशेष जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सैटेलाइट से निगरानी की जा रही है। इसके बावजूद अब तक पांच स्थानों पर पराली जलाने के मामले पकड़े जा चुके हैं।
इनमें सिकंदराबाद क्षेत्र का आजमपुर, सदर का कलौली, शिकारपुर का रहमापुर स्यावली, खुर्जा ब्लॉक का मंसूरपुर और पहासू ब्लॉक का त्यौर बुजुर्ग गांव शामिल हैं। इन पांचों मामलों में संबंधित किसानों पर कृषि विभाग की ओर से कुल 22,500 रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है।
बबलू कुमार ने बताया कि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पराली जलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पर्यावरण क्षतिपूर्ति के तहत कार्रवाई की जाएगी। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।