जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता पुरस्कार एवं अतिथियों के साथ। संवाद
बुलंदशहर। यमुनापुरम स्टेडियम में चल रही तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता रविवार रात संपन्न हो गई। प्रतियोगिता के अलग-अलग वर्गों में खेले गए फाइनल मुकाबले में वियान, अक्षत, रजत, कनिष्क, जयहिंद, सिद्धि, संस्कृति, अलका आर्या एवं जिज्ञासा विजेता बनीं। विजेता एवं उपविजेता को जिला खेल विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उभरता खिलाड़ी वर्ग में ईशांत को चुना गया।
जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि जिला खेल विभाग व जिला प्रशासन के बैनर तले जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें अंडर-13, 15, 17 व 19 आयु वर्ग के 70 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। रविवार रात को सभी वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-13 बालक वर्ग में वियान ने 21-14 व 21-19 से हेमंत को पराजित किया।
अंडर-15 में अक्षत वर्मा ने 21-14 व 21-08 से यश दयाल को, अंडर-19 में रजत शर्मा ने 21-12 व 21-09 से विश्वास को पराजित कर विजेता बने। अंडर-13 बालिका वर्ग में सिद्धि लोधी ने 30-18 से आराध्या को और अंडर-19 में अलका आर्या ने 21-15 व 21-08 से संस्कृति को पराजित किया।
बालिका अंडर-19 डबल्स में अलका आर्या व जिज्ञासा की जोड़ी ने 21-11 व 21-16 से समृद्धि व हर्षिता की जोड़ी को पराजित किया। बालक अंडर-15 डबल्स में वियान व अक्षत वर्मा की जोड़ी ने 21-16 व 21-06 से यश दयाल व शिवांश की जोड़ी को और अंडर-19 में अंकित यादव व रजत शर्मा की जोड़ी ने 21-12, 12-21 व 21-18 से कनिष्क व जयहिंद की जोड़ी को पराजित कर विजेता बने।
सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को वरिष्ठ कोषाधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव, एसपी क्राइम नरेश कुमार एवं वरिष्ठ वेटरर्न्स बैडमिंटन खिलाड़ी डॉ. राजेंद्र सिंह ने स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
साथ ही सभी को प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के प्रति प्रोत्साहित किया। इस दौरान रेफरी सेवानिवृत एलओ जयपाल सिंह एवं गौरव को भी सम्मानित किया गया।