वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, दो की मौत
सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र में सिरोधन रोड पर किसी वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रविवार की देर शाम नगर के मोहल्ला गोकुल गंज निवासी निसार (21) पुत्र इशरत, शाजिद (22) पुत्र मखरुम तथा गुफरान (20) पुत्र यूसुफ बाइक पर सवार होकर सिरोधन रोड पर बाईपास की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन बाइक सवार युवकों को रौंदते हुए निकल गया। हादसे में निसार और साजिद की मौके पर मौत हो गई। उधर से गुजर राहगीरों ने देखा तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से पुलिस ने घायल गुफरान को स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने निसार और साजिद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पाकर परिजन समेत मोहल्ले के काफी लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों की मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।