मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर सात का चालान
बुलंदशहर। संभागीय परिवहन विभाग द्वारा बीते कई दिनों से सड़क सुरक्षा माह का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बुधवार को मोबाइल फोन पर बात करते वाहन चलाने पर सात लोगों का चालान काटा गया तो बिना फिटनेस, परमिट/टैक्स जमा वाले आठ वाहन को सीज करने की कार्रवाई की गई। सीज किए गए वाहनों पर एक लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
एआरटीओ प्रवर्तन राजीव बंसल ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत पुलिस विभाग के साथ नगर के भूड़ चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाए जाने पर सात वाहनों के चालान काटे गए हैं। मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन न चलाएं, इससे हादसा होने की संभावना बनी रहती है। एआरटीओ प्रवर्तन मुंशीलाल ने बताया कि बुधवार को सड़क सुरक्षा माह के तहत नरौरा, डिबाई, अहमदगढ़ व सलेमपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाने के साथ नरौरा डिपो के चालक-परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए शपथ दिलाई गई। इस दौरान बिना परमिट, टैक्स, फिटनेस व ओवरलोड वाहन संचालित मिलने पर सीज करने की कार्रवाई की गई। इसमें डिबाई व अहमदगढ़ क्षेत्र में तीन-तीन व सलेमपुर क्षेत्र में दो वाहन सीज किए गए हैं। इन सभी पर एक लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही दो वाहनों का नियमों का उल्लंघन कर संचालित करने पर चालान काटा गया।