महिला की मौत के बाद हॉस्पिटल के सामने खड़े मृतका के परिजन। संवाद
बुलंदशहर। नगर के भूड़ चौराहा स्थित प्रगति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल स्टाफ ने शनिवार दोपहर एक मृत महिला को स्वस्थ बताकर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया। परिजनों को महिला के मृत होने की जानकारी लगी तो उन्होंने विरोध जताकर हंगामा किया। वहीं, अस्पताल स्टाफ मौके से भाग गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत किया। हालांकि, परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को घर भेज दिया।
चोला क्षेत्र के गांव कौराली निवासी शमी आलम की 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने बृहस्पतिवार रात भूड़ चौराहा स्थित प्रगति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शनिवार को मृत महिला को स्वस्थ बताकर घर भेजे जाने के बाद परिजनों ने स्टाफ पर डिलीवरी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों के हंगामा करता देख अस्पताल स्टाफ और भर्ती अन्य मरीज भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और तहरीर देने की मांग की। परिजन तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए।
देवर जान आलम ने बताया कि उनकी भाभी को जब भर्ती कराया वह बिल्कुल ठीक थीं। शुक्रवार को पुत्री को जन्म दिया। डिलीवरी में स्टाफ की लापरवाही से ब्लीडिंग होती रही। स्टाफ ने ब्लड कम होने की बात कह करीब तीन यूनिट ब्लड मांगा। जिसे तत्काल उपलब्ध करवा दिया गया। शनिवार सुबह अस्पताल स्टाफ ने छुट्टी करने से पूर्व पैसा जमा करवाने की बात कही। वह पिता शमी खां संग बैंक से रुपये निकालने के लिए चले गए। इसी बीच भाभी को मृत अवस्था में सही बताकर अस्पताल से बाहर कर दिया और घर ले जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मां ने डिस्चार्ज की बात बताई तो वह अस्पताल पहुंचे। उनके पहुंचने से पूर्व अस्पताल का स्टाफ जा चुका था और भाभी को देखा तो वह मृत अवस्था में थीं।
एक वर्ष पूर्व हुआ था निकाह, एक दिन की पुत्री को छोड़ गई मृतका
गांव निवासी शाहिद ने बताया कि गांव चिट्टा निवासी शौकत ने अपनी पुत्री मुस्कान का निकाह 23 जून 2025 को शमी खां के पुत्र शमी आलम के साथ कराया था। परिजनों ने एक महिला के कहने पर मुस्कान को प्रगति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। मृतका अपने पीछे एक दिन की पुत्री को छोड़ गई है।
बिना पंजीकरण हो रहा संचालित
नगर के भूड़ चौराहा स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के निकट प्रगति मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल पिछले काफी समय से बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा है। शनिवार को गलत इलाज से महिला की मौत हो गई। जिले का स्वास्थ्य विभाग पूर्व में कार्रवाई करता तो शायद महिला की जान नहीं जाती। मृतका के परिजन अस्पताल संचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सीएमओ का कहना है कि महिला के मौत की जानकारी मिली है। परिजनों ने इस संबंध में कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है। अस्पताल बिना पंजीकरण संचालित होने पर सील लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सिटी प्रखर पांडेय का कहना है कि हंगामे की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। यदि तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।