माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होंगी। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जनपद में सचल दल का गठन किया गया है।
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 110 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 86,786 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के संस्थागत 43,848 और इंटरमीडिएट 40,298 छात्र-छात्रा शामिल हैं। जबकि हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षा देने वाले 267 और इंटरमीडिएट की व्यक्तिगत परीक्षा देने वाले 2,373 छात्र-छात्रा शामिल हैं।
डायट प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक व राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में छह सचल दस्ता का गठन किया गया है। पांच सदस्यीय दस्ता परीक्षा केंद्र की हर गतिविधि पर नजर रखेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि गठित सचल दस्ता पर डीएम श्रुति ने मुहर लगाई है। केंद्रों पर अनुचित साधन के प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए सचल दलों का गठन किया गया है। जो समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर सकेंगे।
सचल दलों के गठन से नकल विहीन परीक्षा कराई जा सकेगी। सभी टीमें पहली पाली की परीक्षा के लिए सुबह छह बजे रवाना होंगी। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र का यदि गेट बंद पाया जाता है तो केंद्र व्यवस्थापक को दोषी माना जाएगा।