बुलंदशहर। माध्यमिक विद्यालयों की चल रही प्रयोगात्मक परीक्षा सोमवार को संपन्न हो गई। आखिरी दिन 25 केंद्रों पर पंजीकृत 1882 के सापेक्ष 1834 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 48 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। सप्ताह भर 209 केंद्रों पर चली इस परीक्षा में पंजीकृत 53,300 में से 51,552 उपस्थित और 1,748 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी ओर बोर्ड परीक्षाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है और तैयारी अंतिम चरण में हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि जिले में यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा दो फरवरी से शुरू हुई। यह परीक्षा सोमवार को संपन्न हो गई। इस परीक्षा में इंटरमीडिएट के रसायन विज्ञान, भूगोल, भौतिक विज्ञान, गृह विज्ञान, जीव विज्ञान समेत अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई गईं। सभी केंद्रों पर परीक्षा के दौरान सीसीटीवी सक्रिय रहे।
बताया कि बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए अंतिम तैयारियां चल रही हैं। 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 109 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक भी तैनात किए जा चुके हैं। परीक्षा केंद्रों को सात सेक्टर व 14 जोन में बांटा गया है।
साथ ही सेक्टर, जोनल व स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जाएंगे। इसी के साथ सभी केंद्रों की भौतिक व्यवस्थाओं का एक बार फिर से सत्यापन किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में बोर्ड परीक्षा शासन से मिले दिशा-निर्देश अनुसार ही कराई जाएगी।