बुलंदशहर। जिले में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश के लिए चल रही पंजीकरण प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। इसके लिए विवि की ओर से खोला गया पोर्टल बंद हो गया है। ऐसे में अब पंजीकरण नहीं हो सकेंगे।
डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने के बाद छात्र-छात्रा जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश लेने के लिए सीसीएसयू की ओर से अपने पंजीकरण कराने के लिए विवि ने 30 जून तक का समय दिया था। इसके लिए विवि ने अपना पोर्टल खोला था। पंजीकरण कराने का समय शुक्रवार को पूरा हो गया। ऐसे में अब बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पंजीकरण नहीं हो सकेंगे। जिले से करीब 22 हजार छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। अब संभावना जताई जा रही है कि विवि की ओर से पहली मेरिट दो जुलाई को जारी हो सकती है।
इसी के साथ जिले के कॉलेजों ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है। बता दें कि जिले के 78 कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी और बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में 28 हजार सीटों पर प्रवेश होने हैं। इनमें तीन राजकीय, 10 एडेड और 65 निजी महाविद्यालय शामिल हैं। छात्र-छात्राओं ने प्रवेश के लिए सबसे अधिक पंजीकरण एडेड कॉलेज के लिए किए हैं। आईपी कॉलेज प्रथम परिसर के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार का कहना है कि विवि की ओर से पहली मेरिट जारी होते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। इसके लिए कॉलेजों ने तैयारी कर ली है। प्रवेश विवि की ओर से जारी की जाने वाली गाइडलाइन के अनुसार ही किए जाएंगे।