अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे युवक को मारी टक्कर, मौत
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र में काली नदी रोड पर गत 21 जुलाई की शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने पैदल जा रहे एक युवक को टक्कर मार दी थी। उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव जुलेपुरा निवासी शौकत पुत्र फकीरा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके भाई अनवार को मंगलवार शाम काली नदी रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया था। जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। नई मंडी चौकी इंचार्ज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपी की शिनाख्त कर दबोच लिया जाएगा।