बुलंदशहर। बुधवार की रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पहली घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश मैदान स्थित झुग्गी-झोपड़ी की है, दूसरी घटना नई मंडी चौकी क्षेत्र की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बृहस्पतिवार को मृतकों के परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश मैदान स्थित झुग्गी बस्ती में बुधवार रात वहां के निवासी मुस्तकीम का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने जब शव को लटकते देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
नई मंडी चौकी क्षेत्र के कान्हा क्लीनिक के पीछे रहने वाले 32 वर्षीय विनोद ने भी बुधवार रात फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। विनोद की मौत से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी प्रखर पांडेय का कहना है कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।