बुलंदशहर। सलेमपुर में रविवार के दिन बस की टक्कर से पिकअप सवार 29 घायलों में से दो वर्षीय बच्ची की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। अब हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 11 से बढ़कर 12 हो गई है।
रविवार को सलेमपुर में बस की टक्कर से पिकअप सवार 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए थे। पिकअप सवार सभी लोग गाजियाबाद से संभल, अलीगढ़ और नरौरा स्थित अपने घर त्योहार मनाने के लिए जा रहे थे। हादसे में अलीगढ़ की अतरौली तहसील के गांव अहेरिया नगला निवासी अशोक, उसकी पत्नी साधना, दो वर्षीय बच्ची मुनिका और एक माह की बच्ची देवी भी गंभीर रूप से घायल हुई थी। बताया जा रहा है कि मेरठ मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान दो वर्षीय बच्ची मुनिका की शुक्रवार को मौत हो गई। जिसके चलते अब हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। वहीं, अभी भी कई घायलों का विभिन्न जिलों के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
मजिस्ट्रियल जांच शुरू, बयान दर्ज कराएं प्रत्यक्षदर्शी
डीएम के आदेश पर एडीएम प्रशासन डाॅ. प्रशांत कुमार ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। एडीएम प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसे के प्रत्यक्षदर्शी लोग 31 अगस्त तक उनके कार्यालय में आकर अपने बयान दर्ज करा दें, ताकि पीड़ित लोगों को न्याय दिलाया जा सके।
सलेमपुर हादसे में घायल दो वर्ष की बच्ची मुनिका की मौत की जानकारी मिली है। मेरठ मेडिकल काॅलेज में बच्ची की उपचार के दौरान मौत हुई है। डाॅ. विनय कुमार सिंह, सीएमओ