- मची चीखपुकार, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
- छतारी क्षेत्र के गांव किशनपुर के पास देर रात हुआ हादसा
- पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट दर्ज
अलीगढ़-अनूपशहर हाइवे पर ट्रक की टक्कर से कैंटर सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दोनों मृतकों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार रात जनपद जालौन के थाना कालपी स्थित मोहल्ला गनेशगंज निवासी मोहम्मद हनीफ तथा कानपुर देहात के थाना रूरी निवासी जीवनि अपने-अपने परिवार के साथ कैंटर में सामान लादकर घर जा रहे थे।
मंगलवार तड़के करीब 3.30 बजे जब कैंटर छतारी क्षेत्र के गांव किशनपुर के पास पहुंचा तभी आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दिया। अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रहा कैंटर अनियंत्रित होकर ट्रक में भिड़ गया। हादसे में कैंटर सवार हनीफ की पत्नी सोहसाबानो तथा गाजियाबाद के लोनी निवासी इलियास पुत्र मौसम की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
वहीं हनीफ, जीवनि, जीवनि की पत्नी रेशमा, हनीफ के बेटे कलीम समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अलीगढ़ मेडिकल भेज दिया। छतारी थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि मामले में मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।