कर्णवास गांव में रविवार को घरेलू काम के लिए गंगा किनारे मिट्टी लाने गईं दो महिलाओं की ढांग में दबकर मौत हो गई। साथी महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी के ढेर से दोनों महिलाओं निकाला।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि कर्णवास चौकी क्षेत्र के तलवार गांव निवासी तारावती (60) पत्नी स्व. बलजीत सिंह और हरप्यारी (52) पत्नी भद्पाल सिंह गांव के ही आठ-दस महिलाओं के साथ अनूपशहर-कर्णवास मार्ग पर गंगा किनारे रविवार दोपहर घरेलू काम के लिए मिट्टी खोद रही थीं।
तभी मिट्टी की ढांग में हरप्यारी व तारावती दब गईं। हादसे के बाद साथी महिलाओं की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ने ग्रामीणों की मदद से लगभग सौ फीट मिट्टी हटवाकर घंटेभर बाद दोनो महिलाओं को बाहर निकाला।
परिजन दोनों को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। सीओ और नायब तहसीलदार कहने पर परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया।