संवाद न्यूज एजेंसी
बुगरासी। पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर गांव बसीबांगर और बरहाना में बीते दिनों हुई वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया। दोनों से चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों का पुलिस ने चालान कर जेल भेज दिया है। साथ ही उनसे चोरी किया सामान भी बरामद किया गया है।
गांव बसीबांगर निवासी अरविंद कुमार ने गत 13 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि उसका गांव में ही कृषि फार्म हाउस है। गत 13 सितंबर को अज्ञात चोरों ने कृषि फार्म हाउस से उनकी ट्रॉली को चोरी कर लिया था। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ स्याना ने बताया कि मामले की जांच की गई तो गांव बरौली निवासी सुहैल का नाम सामने आया। सुहैल पूर्व में अरविंद के फॉर्म हाउस पर रहता था। हाल ही में वह नौकरी छोड़कर चला गया था। शुरू से ही वह इस घटना में संदिग्ध था। पुलिस ने सुहैल हो हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने राज उगल दिया। आरोपी की निशानदेही पर गांव से ही चोरी की गई ट्रॉली को बरामद कर लिया है। बीते दिनों ही गांव बरहाना में मूलचंद गिरि का ई-रिक्शा गांव में ही एक अहाते में खड़ी थी। अज्ञात चोर ई-रिक्शा की चार बैटरी चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले कस्बा निवासी शाहबेज को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि शाहबेज ने चोरी किए चारों बैटरियों को एक स्थान पर कबाड़े में छिपाया था। चारों बैटरी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने दोनों आरोपी सुहैल व शाहबेज का चालान कर दिया है।