लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे दो शिक्षकों की सेवा समाप्त
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों से लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे दो शिक्षकों की बीएसए ने तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त कर दी है। बताया गया कि दोनों शिक्षक करीब पांच साल से अनुपस्थित चल रहे थे। इनको नोटिस भी जारी किए गए। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर अब यह कार्रवाई की गई।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्याना क्षेत्र के एबीएसए ने अवगत करवाया कि क्षेत्र के गांव रमपुरा स्थित परिषदीय स्कूल में सहायक शिक्षक रामेश्वर दयाल और गांव बड्ढा वाजिदपुर स्थित परिषदीय स्कूल में सहायक शिक्षिका रेनू सिंह करीब पांच साल से लगातार स्कूल से अनुपस्थित चल रही हैं। इसकी जानकारी मिलने पर उक्त दोनों शिक्षकों को अनुपस्थित होने की जानकारी लेने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए। बार-बार नोटिस जारी करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इस पर अब जाकर इन दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने के आदेश जारी करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यह दोनों शिक्षक करीब पांच साल से अनुपस्थित चल रहे थे। एबीएसए से जानकारी मिलने पर उनको नोटिस जारी किए गए। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर अब यह कड़ी कार्रवाई की गई। उन्होंने शिक्षकों से लगातार स्कूल में उपस्थित रहकर शिक्षण कार्य करवाने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि इस तरह का कोई और मामला सामने आता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।