पीईटी परीक्षा के बाद खुर्जा जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ने के लिए मारामारी करते अभ्यर्थी। संवाद
खुर्जा जंक्शन। रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह से ही पीईटी देने आए अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं, भीड़ को देखते हुए रेलवे विभाग की ओर से दोपहर को दो अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों को भी रोका गया। इसके बाद अभ्यर्थी अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
परीक्षा के लिए कुछ अभ्यर्थी बृहस्पतिवार रात को ही खुर्जा जंक्शन पर आ गए थे। वहीं कुछ लोग शुक्रवार सुबह अलग-अलग ट्रेनों से स्टेशन पर पहुंचे। इसके बाद ऑटो व ई-रिक्शा के माध्यम से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर गए। हालांकि सुबह के वक्त ज्यादा भीड़ नहीं थी, लेकिन सुबह की पाली का पेपर देकर आए अभ्यर्थियों की भीड़ स्टेशन पर जमा हो गई।
भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से दोपहर ढाई बजे प्लेटफार्म नंबर तीन पर शकुरबस्ती दरभंगा स्पेशल ट्रेन को रोका गया। इसमें यात्रियों को रवाना किया। इसके बाद दो बजकर 48 मिनट पर दिल्ली से गया, बिहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन का ठहराव कराया गया। दो बजकर 58 मिनट पर आई गोमती एक्सप्रेस में अन्य यात्री बैठकर रवाना हो गए।
आरपीएफ प्रभारी नंद लाल मीणा ने बताया कि पीईटी परीक्षा को लेकर स्टेशन पर सुबह से ही टीम तैनात रही। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता से ट्रेनों पर भेजा गया। इस दौरान जीआरपी की टीम भी मौजूद रही।