राशन डीलर का चुनाव नहीं होने पर फतेहपुर गांव में सोमवार देर रात दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
सोमवार को राशन डीलर के लिए चुनाव के दौरान पंचायत में हरिओम और पुष्पेंद्र के नाम रखे गए। चुनाव सेक्रेटरी जगदीश की मौजूदगी में बात नहीं बन पाई। हरिओम का आरोप है कि पुष्पेंद्र अहमदगढ़ थाना में होमगार्ड है और वह एक दरोगा और पुलिसकर्मी के साथ पंचायत में पहुंचे।
उधर, पुष्पेंद्र ने चुनाव सही तरीके से नहीं करवाने का आरोप लगाया है। देर रात इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। झगड़े में दोनों पक्षों की ओर से धर्म सिंह, महेश, राजेंद्र और सोनू सहित एक और ग्रामीण शामिल है। धर्म सिंह को गंभीर चोटें आईं हैं।
पुलिस दोनों पक्षों के पुष्पेंद्र, महेश, धर्मवीर और कृपाल को हिरासत में ले लिया। थाना अहमदगढ़ के एसओ महावीर सिंह चौहान का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से चार-चार लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है।