बुलंदशहर। मालागढ़ में पागल कुत्ते के हमले में जख्मी दो बच्चे शुक्रवार को ओपीडी में एआरएस लगवाने पहुंचे। इसके अलावा दो साल के बच्चे समेत नौ लोगों को एआरएस व करीब 140 को एआरवी लगाई गई।
ग्रामीणों के मुताबिक मालागढ़ में बृहस्पतिवार को एक कुत्ता पागल हो गया। लोगों ने इसे डंडे से पीटकर मार दिया। ग्रामीणों के मुताबिक पागल कुत्ते के मरने से पूर्व उसने आठ से अधिक लोगों को काट लिया। जिसमें कई लोग के जख्म गहरे हो गए। बृहस्पतिवार को दो लोगों ने जिला चिकित्सालय आकर एआरएस व एआरवी लगवाई। वहीं, शुक्रवार को भी गांव से दो बच्चे एआरएस लगवाने पहुंचे। इनमें एक आठ वर्षीय तनुष व दूसरी 12 वर्षीय किशोरी शामिल रहीं।
इसके अलावा दो वर्षीय देव, चार वर्षीय मुन्नी, आठ वर्षीय दीपांशु व दक्ष भारती, 10 वर्षीय तनिष्क, 29 वर्षीय ज्ञानेश, 40 वर्षीय प्रेमपाल को भी एआरएस लगाई गई। अनूपशहर निवासी दो वर्षीय देव के चाचा साजन ने बताया कि बुधवार दोपहर को एक कुत्ते ने भतीजे को काट लिया। बृहस्पतिवार को सीएचसी से एआरएस लगाने के लिए रेफर किया। शुक्रवार को आकर एआरएस लगवाई। इसके अलावा सामान्य जख्मी लोगों को एआरवी लगाई गई। जिला चिकित्सालय के प्रभारी सीएमएस डॉ. प्रदीप राणा ने बताया कि मालागढ़ समेत अन्य क्षेत्र से कुत्ता, बंदर, बिल्ली व अन्य जंगली जानवर के काटने पर जख्मी लोगों ने एआरवी व एआरएस लगवाई।