सुबह करीब 9:30 बजे चौढेरा गांव के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दानपुर पहुंचाया।
सीएचसी दानपुर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों की गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में अमन उर्फ छोटू पुत्र इंद्रजीत, निवासी सुनामी, थाना गोधा, अलीगढ़ तथा इंस्पेक्टर पुत्र गुलाब सिंह, निवासी बाजिदपुर, थाना नारखी, फिरोजाबाद ने दम तोड़ दिया।
वहीं, प्रशांत पुत्र कल्याण सिंह, निवासी सुनामी, थाना गोधा, अलीगढ़ और नसीर पुत्र गुलाब सिंह, निवासी बाजिदपुर, थाना नारखी, फिरोजाबाद का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीसीटीवी प्रभारी अतुल यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बुलंदशहर भेज दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।