बुलंदशहर/नरौरा। नरौरा एटॉमिक परमाणु स्टेशन (एनएपीएस) में 700-700 मेगावाट की दो नई यूनिट लगाने का रास्ता साफ हो गया है। न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष ने नई यूनिट लगाने के लिए स्वीकृति दे दी है। नई यूनिट की स्थापना के बाद प्लांट की बिजली उत्पादन क्षमता 1840 मेगावाट हो जाएगी। बताया जा रहा है कि मुख्यालय स्तर से अधिकारियों की टीम यहां जांच पड़ताल करेगी। संभावना है कि अगले साल नई यूनिट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
देश में कुल सात एटॉमिक परमाणु केंद्रों से बिजली उत्पादन कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई दी जाती है। उत्तर प्रदेश में केवल एक परमाणु केंद्र नरौरा में वर्ष 1974 में स्थापित किया गया था। नरौरा एटॉमिक परमाणु केंद्र में फिलहाल 220-220 मेगावाट की दो यूनिट से बिजली उत्पादन किया जा रहा है। इससे हरियाणा, मुंबई, पंजाब, जम्मू, दिल्ली समेत अन्य राज्यों को बिजली सप्लाई दी जा रही है।
बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सरकार ने नरौरा परमाणु स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए दो नई यूनिट लगाने के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए थे। अक्तूबर 2024 में 700-700 मेगावाट की दो नई यूनिट लगाने के लिए एटॉमिक एनर्जी विभाग की ओर से अधिकारियों की टीम ने नरौरा परमाणु केंद्र में सर्वे किया था। सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर अब परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव के विनोद ने न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष व एमडी को पत्र लिखते हुए इसकी स्वीकृति दी है।
इसके अलावा मध्यप्रदेश के भीमपुर शिवपुरी स्थित प्लांट में 700-700 मेगावाट की चार यूनिट लगाने के लिए भी मंजूरी दी गई है। साथ ही एनपीसीआईएल के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रोजेक्ट की प्रगति के संबंध में समय-समय पर रिपोर्ट भेजी जाए।
13 जनवरी को स्थापित हुई थी पहली यूनिट
13 जनवरी 1974 को 700 एकड़ जमीन पर नरौरा परमाणु केंद्र में प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पहली यूनिट की स्थापना की थी, जिससे 12 मार्च 1989 को बिजली उत्पादन शुरू किया गया था। इसके दो साल बाद 24 अक्तूबर 1991 को दूसरी यूनिट से बिजली उत्पादन शुरू किया गया था। परमाणु केंद्र से उत्पादित बिजली दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सप्लाई की जा रहा है। परमाणु केंद्र में दो नई यूनिट के संचालन से जिले में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इसमें इंजीनियरों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, क्लर्क, मजदूर समेत अन्य पदों पर नए स्तर से केंद्र सरकार की ओर से भर्ती की जाएगी।
एनएपीएस परिसर में 700-700 मेगावाट की दो नई यूनिट लगाने के लिए मंजूरी मिली है। इसके लिए मुख्यालय से पत्र प्राप्त हुआ है। अब मुख्यालय स्तर से प्री प्रोजेक्ट के तहत लोगों के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव, नक्शा आदि बिंदुओं पर कार्य किया जाएगा। अभी यह कहना संभव नहीं है कि दोनों यूनिटों के निर्माण की प्रक्रिया कब शुरू होगी। - प्रतीक अग्रवाल, स्टेशन निदेशक, नरौरा एटॉमिक परमाणु स्टेशन