जिले में शनिवार को आई आंधी और बारिश लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। अंधर के कारण दो जगह हुए हादसों में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, वहीं शहर सहित जिले के करीब 300 गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
जिला मुख्यालय समेत जहांगीराबाद, खुर्जा, सिकंदराबाद, गुलावठी, अनूपशहर, अहार, ऊंचागांव, अरनिया, पहासू, स्याना, डिबाई, औरंगाबाद, ककोड़, शिकारपुर आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई। कई पोल गिरने के साथ ही दर्जनों एचटी-एलटी लाइनें गिर गईं।
मरम्मत कार्य में पावर कारपोरेशन कर्मियों के पसीने छूट गए। देर शाम तक बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। अधीक्षण अभियंता ओपी यादव ने बताया कि रविवार शाम तक सभी क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
आंधी-पानी से चरमराई विद्युत व्यवस्था
शनिवार शाम को आई आंधी और बारिश के चलते पहासू क्षेत्र के अशोक नगर, बनैल, दीघी, अटेरना आदि कई ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत पोल टूट गए। क्षेत्र के करीब 60 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
आंधी में विद्युत तार टूटने से धौरऊ, क्योर, लालगढ़ी, तहार, बदरखा, जयरामपुर समेत करीब 30 गांवों की बिजली गुल हो गई। एक्सईएन रामबाबू का कहना है कि आंधी से कई स्थानों पर विद्युत पोल व तार टूट गए थे।
पहासू में दीवार गिरने से चार जख्मी
आंधी-बारिश से जहांगीरपुर क्षेत्र के गांव नार मोहम्मदपुर में दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर अधेड़ महिला की मौत हो गई। पहासू क्षेत्र के गांव अटेरना में दीवार और छत गिरने से चार परिवार के चार लोग दब गए और एक पशु की मौत हो गई।
जहांगीरपुर के गांव नारमोहम्मदपुर निवासी विजेंद्री (45) पत्नी विजय सिंह शनिवार शाम को बिटोरे पर उपला लगा रहीं थीं। इसी दौरान आई आंधी और बारिश से बचने के लिए वह घर की दीवार के पास खड़ी हो गईं। तभी अचानक दीवार गिरने से वह उसके नीचे दब गईं।
आंधी और बारिश बंद होने के करीब एक घंटे के बाद लोगों ने उनके चीखने की आवाज सुनी। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर नायब तहसीलदार, लेखपाल आदि पहुंचे।
पहासू क्षेत्र के गांव अटेरना में शनिवार रात आंधी-बारिश के चलते छत गिरने से परिवार के चार सदस्य दब गए। लोगों ने मलबे से निकालकर चारों घायलों पप्पू, उनकी पत्नी द्रोपा, दो बेटियां 11 साल की शिवानी और 22 साल की सोनिया को अस्पताल पहुंचाया।
पहासू क्षेत्र के गांव लधपुरा में शीला, लक्ष्मण और नन्नूमल के तीन मकान ढह गए। हादसे में लक्ष्मण की पुत्री दीपा घायल हो गई।
डिबाई में आंधी से गिरी दीवार
तेज आंधी के दौरान दीवार गिरने से कस्बे के मोहल्ला शेखम चिश्ती निवासी साकिर (50) पुत्र अब्दुल करीम की मौत हो गई। शनिवार देर शाम तेज आंधी में करीब छह फुट ऊंची दीवार उन पर गिर पड़ी। मोहल्ले के लोगों उन्हें चिकित्सक के पास ले गए जहां से उन्हें अलीगढ़ ले गये। पत्नी संगीता बेगम ने बताया कि चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।