सिकंदराबाद होटल के बाहर पड़ा खून जांच करते एसएसपी। पुलिस
सिकंदराबाद। दो दोस्तों को होटल के बाहर बुलाकर युवकांे ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दोनों युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नेशनल हाईवे-34 स्थित सिरोधन कट के पास कैप्टन होटल की है। घायलों को उपचार के लिए नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी, सीओ, कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच जांच की। वही सरेआम हुई फायरिंग से आसपास दहशत का माहौल हो गया।
एसपी सिटी अभिषेक प्रताप सिंह अजेय ने बताया कि बुधवार की शाम बाईपास स्थित कैप्टन होटल में प्रशांत यादव निवासी कोटा थाना गुलावठी और रोबिन निवासी रिटोली पुराने मामले में सह अभियुक्त रहे यश भाटी निवासी जोखाबाद और प्रिंस खटाना निवासी गांव भराना के साथ खाना खाने के लिए गए थे। बताया कि चारों किसी पुराने मामले में सह अभियुक्त थे। इसी दौरान इनमें से दो साथी यश और प्रिंस बाहर उठकर गए और उन्होंने रोबिन और प्रशांत यादव को होटल के बाहर बुलाया।
उसके बाद दोनों को साइड में ले गए और गोलियां चला दीं। एक के गोली जांघ और दूसरे के पेट पर लगी है। गोली की आवाज सुनकर मौके पर लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों का नोएडा के एक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि आरोपियों की चैट में अधिवक्ता को पैसे के लेनदेन की बात की जा रही है। उसमें कहा जा रहा है कि वह एक व्यक्ति ही पैसा क्यों दे। दूसरा पिस्टल बेचने की बात कर रहा है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने घटलास्थल का मुआयना किया।
एसपी सिटी ने बताया कि घायल युवक और आरोपी आपस मे मित्र हैं। पुराने मामले में चारों सहअभियुक्त हैं। किस बात पर झगड़ा हुआ अभी तक साफ नहीं हो पाया है। पूरे मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। जांच में तीन राउंड फायरिंग होने का मामला सामने आया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।