बुलंदशहर-अनूपशहर रोड पर मंगलवार देर शाम दूध से भरे टैंकर ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक टैंकर को छोड़कर भाग गया। मृतक के भाई ने अज्ञात चालक के खिलाफ कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव औरंगपुर मोहसन उर्फ गढ़िया निवासी रोबिन (22) और उसका दोस्त गुफरान (23) निवासी ग्राम मिश्रोलिया, थाना बाबूरही मिश्रोलिया, जनपद मधुबनी बिहार, दांतों पर कैप लगाने और बनाने का काम करते थे। मंगलवार देर शाम किसी काम से वह दोनों बाइक से बुलंदशहर आ रहे थे। दोनों जब अनूपशहर रोड स्थित गांव रामनगर के सामने पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रोबिन और गुफरान दोनों सड़क पर जा गिरे। दूध से भरे टैंकर ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक टैंकर छोड़कर भाग हो गया। रोबिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गुफरान को घायलावस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां देर रात गुफरान की भी मौत हो गई। मृतक रोबिन के भाई सतेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और टैंकर को कब्जे में ले लिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले में अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।