बुलंदशहर। बीबीनगर थाना पुलिस ने जान से मारने के इरादे से युवक के घर पर फायरिंग करने और उसकी मां से मारपीट करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में पता चला कि कुछ दिन पहले हुए विवाद के चलते दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी दीपेश पर हत्या और जानलेवा हमले सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव बाहपुर निवासी दीपक ने 24 अक्टूबर 2025 को थाने में तहरीर दी थी। बताया था कि 23 अक्टूबर की रात उसके गांव का दिपांशु एक अज्ञात व्यक्ति के साथ उनके घर आया। उन्होंने दीपक और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज की। जब दीपक ने विरोध किया तो आरोपियों ने तमंचे से फायर किया और दीपक की मां के साथ मारपीट भी की।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात समेत दिपांशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बीबीनगर थाना पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी शिनाख्त दीपेश उर्फ दिपांशु निवासी गांव बहापुर, थाना बीबीनगर और अर्जुन निवासी गांव लाडपुर, थाना बीबीनगर के रूप में हुई। पूछताछ में मुख्य अभियुक्त दीपेश ने बताया कि 23 अक्टूबर 2025 की शाम को वह दीपक के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई थी।
इसी रंजिश के चलते दीपेश ने अपने साथी अर्जुन के साथ मिलकर दीपक के घर पर जाकर तमंचों से फायरिंग की और दीपक की मां से मारपीट की। गिरफ्तार दीपेश पर हत्या, जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल सात मामले थाना बीबीनगर में दर्ज हैं। दूसरे आरोपी अर्जुन पर भी हत्या समेत दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।