सिकंदराबाद मृतक पिशाल, प्रियांशु का फाइल फोटो।
सिकंदराबाद ( बुलंदशहर)। नगर के दनकौर रोड पर बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे बाइक सवार दो सगे भाईयों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस दाैरान दोनों ने हेलमेट नहीं लगाए थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, उन्होंने बताया कि दोनों युवक अपने पिता की रेहड़ी के लिए मंडी से सब्जी लेकर वापस गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी सिकंदराबाद ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के दनकौर थाना क्षेत्र के मंडी श्यामनगर निवासी संजय सिंह गांव देहात क्षेत्र में रेहड़ी लगाकर अपना व परिवार का भरण पोषण करते हैं। कुछ दिन पूर्व संजय के पैर में चोट लगने के कारण उनके दोनों पुत्र विशाल (20), प्रियांशु (18) सुबह तड़के ही सिकंदराबाद स्थित नवीन फल व सब्जी मंडी से पिता की रेहड़ी के लिए सब्जी खरीदकर ले जाते थे। बृहस्पतिवार सुबह भी वह दोनों सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए बाइक से आए थे। वहां से सब्जी लेने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। जब वह दोनों दनकौर रोड पर सुबह करीब पांच बजे अग्रसेन कॉलेज के सामने पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उनके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रक ने ही दोनों भाईयों को टक्कर मारी है, जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस दनकौर रोड पर लगे विभिन्न सीसीटीवी खंगाल रही है, जिसके आधार पर जल्द ही आरोपी वाहन चालक की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी। दोनों भाइयों की एक साथ मौत से बुझ गया परिवार का चिराग : दोनों भाइयों की एक साथ मौत से उनके परिवार का चिराग बुझ गया है। अब परिवार में केवल उनकी बड़ी बहन शालू बची है। विशाल, प्रियांशु की सड़क हादसे में मौत से जहां उनके परिवार में मातम छाया हुआ है। वहीं गांव में शोक की लहर है। बताया गया कि विशाल बीएससी प्रथम वर्ष, प्रियांशु कक्षा 11 का छात्र था।