यूपी के बुलंदशहर स्थित सोमना रोड पर करौरा गांव के पास दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। हादसे में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
पहासू थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार शाम को सूचना मिली कि सोमना रोड पर करौरा गांव के पास सड़क हादसा हो गया है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई। जहां जानकारी मिली कि पहासू के फतिहाबाद गांव निवासी सोनू कश्यप (25) अपनी पत्नी नेहा और दोस्त अभिषेक के साथ एक बाइक पर खुर्जा की ओर जा रहा था।
उनके आगे डिबाई के खुशरूपुर जिरौली गांव निवासी नीरज बाइक पर सवार थे, जो नोएडा जा रहे थे। करौरा गांव के पास सोनू की बाइक नीरज की बाइक के पीछे से टकरा गई, जिसके साथ दोनों बाइक सवार चारों लोग फिसलते हुए सड़क पर गिर गए और घायल हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को पहासू सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं नेहा, अभिषेक और नीरज को हायर सेंटर रेफर किया गया। मामले में अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है।