पहासू। क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस को अभी किसी घटना में तहरीर नहीं मिली है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
पहासू थाना प्रभारी ने बताया कि मंगलवार सुबह कोहरे के दौरान पहासू-छतारी मार्ग पर पलड़ा झाल के पास अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने युवक की शिनाख्त शुरू की। मृतक के पास से मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान मनोज (25) निवासी सरभन्ना थाना छतारी के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार मनोज नोएडा में निजी कंपनी में नौकरी करता था। मंगलवार सुबह घर से कंपनी के लिए रवाना हुआ था। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा मंगलवार शाम करीब चाढ़े चार बजे पहासू कस्बा के खुर्जा रोड पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में गांव बदरखा निवासी अशोक (18) की मौत हो गई। अशोक के पिता रनपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम को अशोक बाइक पर सवार होकर गैस एजेंसी से घरेलू गैस सिलिंडर लेने जा रहा था। एजेंसी से पहले ही खुर्जा मार्ग पर स्कूटी से बाइक की टक्कर हो गई। स्कूटी सवार मौके से फरार हो गया। हादसे में अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको पहासू सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
Iपहासू क्षेत्र में मंगलवार सुबह और शाम को दो अलग-अलग हादसे हुए थे। इनमें दो युवकों की मौत हो गई। अभी किसी भी घटना में कोई तहरीर पुलिस को नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शशांक श्रीवास्तव, सीओ शिकारपुरI