बुलंदशहर। साइबर अपराधियों ने खुर्जा देहात के गांव किर्रा निवासी एक युवक को अपना शिकार बनाया है। शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर ठगों ने पीड़ित के बैंक खातों से करीब 32.78 लाख रुपये हड़प लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाना साइबर क्राइम में तहरीर दी है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
खुर्जा देहात के गांव किर्रा निवासी पीड़ित ने थाना साइबर क्राइम में ऑनलाइन ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि वह 6 जून 2025 को टेलीग्राम पर रायल लर्निंग ग्रुप से जुड़ा था। इसी ग्रुप में साझा किए गए एक लिंक के माध्यम से उन्हें 10 जून 2025 को व्हाट्सएप ग्रुप ''नॉलेज वेल्थ'' में शामिल किया गया।
यह ग्रुप ट्रेडिंग से भारी मुनाफे का दावा करता था। पीड़ित के अनुसार नॉलेज वेल्थ ग्रुप की एडमिन सौम्या सैसन ने एक लिंक भेजकर उसका एक ओटीसी अकाउंट खुलवाया। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए 5 अगस्त 2025 को जमा किए गए 10 हजार रुपये पर 987 रुपये का रिटर्न भी दिखाया गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग तिथियों में नीरज से लगातार बड़ी रकम जमा कराई।
पीड़ित ने बताया कि 6 अगस्त को 98000 रुपये, 8 अगस्त को 50000 रुपये, 9 अगस्त को 49000 और 60000 रुपये, 10 अगस्त को 33000 रुपये और 13 अगस्त को 31000 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद 14 अगस्त 2025 को दो बार आरटीजीएस के माध्यम से 14.80 लाख और 15 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए।
इस तरह उससे कुल 32.78 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने लिंक बंद कर दिया और पीड़ित का अकाउंट भी एक्सेस से बाहर हो गया। शाम तक कोई जवाब न मिलने पर नीरज को ठगी का एहसास हुआ। एसपी क्राइम नरेश कुमार ने बताया कि साइबर टीम की मदद से मामले में जांच की जा रही है।