बुलंदशहर। साइबर थाना पुलिस ने सलेमपुर के गांव भैंसरोली निवासी युवक से 1.18 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने वाली शातिर महिला ठग व उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने पीड़ित से ठगी गई रकम में से 16,500 रुपये बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
28 सितंबर 2024 को सलेमपुर के गांव भैंसरोली निवासी राजू पुत्र मानक चंद ने थाना साइबर क्राइम में तहरीर दी थी, जिसमें उसने बताया था कि ठगों ने टॉवर लगाने के नाम पर उसे झांसे में लेकर उसके साथ 1,18,700 रुपये की धोखाधड़ी की। आरोपियों ने ठगी की रकम खाते में ट्रांसफर कराई थी।
थाना साइबर क्राइम में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। जांच के आधार पर एक महिला समेत दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक गोयल निवासी खजूरी बाग थाना खजूरी खास दिल्ली और रेन्जू रानी उर्फ रंन्जू यादव निवासी गोपाल नगर नजबगढ रेल फैक्टरी रोड, नई दिल्ली के रूप में हुई।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के ठग हैं। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि वे टावर लगवाने का झांसा देकर ठगी को अंजाम देते हैं। आरोपी दीपक गोयल के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।