साहिबाबाद। बाजार रेट से सस्ता सोना खरीदने के झांसे में आकर हरियाणा-गुरुग्राम के चक्करपुर निवासी तपश दास से 11 लाख रुपये की ठगी हो गई। इंस्टाग्राम पर जालसाजों ने फर्जी विज्ञापन प्रसारित कर पीड़ित को जाल में फंसाया। सोना लेने के लिए साहिबाबाद क्षेत्र में बुलाया और 11 लाख के असली नोट के बदले नकली नोट से बदलकर भाग गए। पुलिस ने नितेश बंसल, विजय उर्फ राजू, आदित्य दुबे, सुशील कुमार और आदर्श पर 18 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की। वहीं, दो आरोपी बुलंदशहर के डिबाई स्थित सराय बेरुनी निवासी सुशील कुमार और दिल्ली के कालिंदी कुंज स्थित जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 निवासी आदर्श को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ढाई लाख रुपये बरामद किए हैं।
दर्ज मामले में पीड़ित तपश दास ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा था और उसमें एक नंबर पर कॉल किया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप पर एक अप्रैल को नितेश बंसल नाम के व्यक्ति की कॉल आई। उसने 24 कैरेट का 100 ग्राम सोना 11 लाख रुपये में दिलाने का झांसा देकर साहिबाबाद बुलाया। पहली बार साहिबाबाद में सोने की ईंट दिखाकर बाजार में जांच कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उनको विश्वास हुआ तो आरोपियों ने तीन जुलाई को रुपये लेकर साहिबाबाद बुलाया। जब वह साहिबाबाद कार से रुपये लेकर आए तो विजय उर्फ राजू उनकी कार में बैठ गया। उन्होंने विजय को गाड़ी में 11 लाख रुपये का बैग थमा दिया। उसके नोटों की गड्डी गिनने का नाटक करते हुए असली नोट अपने बैग में रख लिए और नकली नोटों के बंडल उनके बैग में रख दिए। इसके बाद उसने कहा कि रुपये पूरे हैं और वह सोने की ईंट लेकर आता है। इस दौरान आरोपी असली नोट के बैग को लेकर चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो उनको ठगी का एहसास हुआ। प्रभारी एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुशील कुमार और आदर्श ने टप्पेबाजी की बात पुलिस के समक्ष पूछताछ में स्वीकार की है। तपश दास के 11 लाख रुपये सभी आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे। असली नोट के एवज में भारतीय मनोरंजन बैंक लिखे नकली नोट रखकर भाग निकले। भागे हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों ने कबूल किया है कि वह पहले भी लोगों को ठग चुके हैं।
-