यदि आप किसी दूसरे शहर अथवा कहीं और जाने का प्लान बना रहे हैं तो खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। चूंकि चुनाव को 23 और रोडवेज बसों की डिमांड आ गई है जबकि जिले के तीन डिपो से 194 बसों में से 85 पहले ही चुनाव ड्यूटी में लगाई जा चुकी हैं।
बता दें कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव का पहला चरण संपन्न हो चुका है जबकि सात मार्च को आखिरी चरण होगा। इसके बाद 11 मार्च को मतगणना होगी। चुनाव संपन्न करवाने के लिए जिले से 85 रोडवेज बसों को पहले ही अधिगृहीत किया जा चुका है। इनमें 40 बसें बुलंदशहर डिपो, 30 खुर्जा और 15 बसें सिकंदराबाद डिपो की शामिल हैं।
ऐसे में यात्रियों को पिछले कुछ दिनों से परेशानी हो रही है क्योंकि रोडवेज बसों की पहले ही कमी थी और अब 23 और बसों की डिमांड आने से परेशानी और बढ़ जाएगी। हालांकि इन तीनों डिपो में अनुबंधित बसें संचालित हैं जो आसपास के क्षेत्रों में ही चलती हैं। अफसरों का कहना है कि बसों की कमी 11 मार्च तक रहेगी। तब तक बसों का प्रयोग यात्रियों के लिए नहीं किया जा सकेगा।