संवाद न्यूज एजेंसी
पहासू। दीघी गांव में रविवार दोपहर करीब एक बजे अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगी दुकानों के रौंदता हुआ पेड़ से जा टकराया। चपेट में आने से दुकानदार दुकानदार बाबू खां (70) व सब्जी खरीदने पहुंचे ऋषि कुमार (46) की मौत हो गई। ट्रक चालक समेत तीन लोग घायल हैं।
पहासू थाना क्षेत्र के गांव दीघी निवासी शिवकुमार ने बताया कि गांव के बाहर बने यात्री शेड के बराबर में लगी दुकान पर उनके भाई ऋषि कुमार उर्फ रिंकू गुप्ता सब्जी खरीदने गए थे। तभी खुर्जा की ओर से आया तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे स्थित साइकिल की दुकान, पॉलिथीन की दुकान, यात्री शेड और सब्जी की दुकान को रौंदता हुआ करीब 50 मीटर दूर एक पेड़ से जा टकराया। हादसे में साइकिल मिस्त्री आसिफ निवासी पहासू, आसिफ की भतीजी 12 वर्षीय सना, पॉलिथीन दुकानदार बाबू खां निवासी दीघी और ऋषि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक चालक प्रमोद निवासी गांव बसुबानपुर, थाना मुजारिया, जनपद बदायूं भी घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे ग्रामीण और पुलिस ने घायलों को पहासू सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने ऋषि कुमार काे मृत घोषित कर दिया, उपचार के दौरान दौरान बाबू खां की भी मौत हो गई। सना और आसिफ को खुर्जा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रमोद को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। सीओ शिकारपुर शोभित कुमार ने बताया कि हादसे में दो की मौत हुई है। ट्रक चालक भी घायल है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मची चीख पुकार
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। दुकानों का सामान सड़क पर बिखर गया। इस दौरान जाम भी लग गया। लोगों ने तत्काल ट्रक की चपेट में आए लोगों को दुकानों के मलबों व सामान से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को मौके से हटवाया और जाम को खुलवाया।
पेड़ ने बचाई कई लोगों की जान
पेड़ से आगे छोटी-छोटी पांच दुकानें थीं। वहां भी 7-8 लोग मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रक पेड़ पर नहीं टकराया होता तो कई और लोगों की जान जा सकती थी। दोपहर के वक्त यात्री शेड भी खाली था। सुबह व शाम को वहां पर लोग बैठे रहते हैं।