गुलावठी में रेलवे रोड की खस्ताहाल हालत से जहां आम आदमी परेशान है, वहीं मंडी के व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित है। गड्ढों वाली सड़क के कारण किसान भी मंडी में माल लाने से कतरा रहे हैं। यह सड़क सैदपुर रोड रेलवे फाटक से शमशान घाट होते हुए नवीन मंडी स्थल तक जाती है।
करीब दो दर्जन गांवों के किसानों को मंडी पहुंचने के लिए यह लिंक मार्ग है, परंतु सड़क की खस्ता हालत के कारण किसान मंडी में न जाकर दूसरे कस्बों की मंडियों में माल बेचना ज्यादा उचित समझते हैं।
एक ओर जहां भारतीय किसान यूनियन द्वारा उक्त मार्ग बनवाने की मांग अरसे से की जा रही है, वहीं व्यापारी भी इस सड़क के निर्माण की मांग कर चुके हैं।
व्यापारियों राजीव गोयल, अरविंद कुमार, कंवर प्रसाद आदि का कहना है कि यदि सड़क के गड्ढे भर जाएं अथवा सड़क का पुनर्निर्माण हो जाए तो मंडी में जिंसों की आवक में सुधार होगा। भारतीय किसान यूनियन के नगर अध्यक्ष सुरेश पाल सिंह तेवतिया का कहना है कि मुख्यमंत्री के गड्ढा मुक्त सड़के कराने के निर्देश पर अधिकारी गंभीर नहीं हैं।
इस संबंध में कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव एलडी शर्मा का कहना है कि सड़क के निर्माण के लिए डिप्टी डायरेक्टर मंडी परिषद को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
ट्रांसफार्मर न बदलने पर किसानों में रोष
फुंके ट्रांसफार्मर के विरोध में भाकियू के बैनर तले तलवार गांव के ग्रामीणों ने अनूपशहर देहात बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते आए दिन फुंक जाता है। किसानों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता 63 केवीए से बढ़ाकर सौ केवीए किए जाने की मांग की।
एसडीओ विकास सिंह ने ट्रांसफार्मर को तुरंत बदलने तथा सौ केवीए को ट्रांसफार्मर लगाए जाने का आश्वासन दिया। जिस पर किसान शांत हुए और पंचायत खत्म करने की घोषणा की। राजकिशोर, सुनील चौहान, ऋषिपाल सिंह, बिजेंद्र शर्मा, महेश शर्मा, नीरज मनोल मयंक , ओमकार नवनीत नौरंगीलाल आदि रहे।