बुलंदशहर। टांडा स्टेडियम में आठ अगस्त को सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए ट्रायल होंगे। प्रतियोेगिता राज्य कर्मचारियों के खेल विकास तथा शारीरिक संवर्धन को लेकर आयोजित होगी। इसमें टेनिस, तैराकी, कबड्डी, वालीबॉल, कुश्ती व क्रिकेट समेत 17 खेलों में सिविल सर्विसेज खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकते हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि खेल निदेशालय की ओर से सत्र 2025-26 में राज्य कर्मचारियों के लिए प्रदेश स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इससे पूर्व जिला एवं मंडल स्तर पर ट्रायल होगा। जिला स्तरीय ट्रायल आठ अगस्त को सुबह 10 बजे से आवास विकास स्थित टांडा स्पोर्ट्र्स स्टेडियम में होगा।
इसमें टेनिस, वॉलीबाल, तैराकी, बास्केटबाल, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन एंड बेस्ट फिजिक, एथलेटिक्स, फुटबाल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावरलिफ्टिंग, क्रिकेट व हॉकी आदि खेलों के लिए मंडल स्तरीय चयन हाेगा।
ट्रायल में भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सिविल सर्विसेज में आटोनोमस बाडी जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत, पुलिस विभाग के कर्मचारी और शिक्षक भाग नहीं ले सकेंगे। जनपदीय ट्रायल्स में चयनित खिलाड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में 12-13 अगस्त को आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में भाग ले सकेंगे।