फंडिंग नहीं होने से जनपद में आसरा आवासों का निर्माण थम गया है। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गरीबों को आसरा आवासों की चाबी सौंपी जानी थी। आसरा आवास योजना मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री आजम खां का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
आसरा आवास योजना के तहत बीबीनगर, छतारी, बुगरासी और जहांगीराबाद निकाय क्षेत्रों में 312 आवासों का निर्माण करवाया जाना था। इसी क्रम में गत तीन साल से सीएनडीएस निर्माण कार्य कर रहा है। आसरा आवासीय मल्टीस्टोरी भवन लगभग बन गए हैं। मगर योजना को अंजाम तक पहुंचाने में फंडिंग आड़े आ रही है।
कार्यदायी संस्था को शासन से बिजली पानी और जलनिकासी के बंदोबस्त का पैसा नहीं मिला है। जो अब तक मिल जाना चाहिए था। ऐसे में आवासों का निर्माण कार्य रुक गया है। वहीं, बीबीनगर में जो आसरा आवास बन रहे हैं उनकी गुणवत्ता सही नहीं बताई जा रही है।
निर्माण के दौरान वहां छज्जा गिर गया था। इसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए थे। अभी तक आसरा आवासों की गुणवत्ता परखने के लिए प्रशासन की ओर से कोई प्लानिंग नहीं की गई है।
रोडवेज बस अड्डे का निर्माण शुरू
नगर के रोडवेज बस अड्डे का निर्माण लंबे समय के इंतजार के बाद शुरू हो गया। अब निर्माण कार्य 1958 के नक्शे में दर्ज जमीन पर होगा। बस अड्डे की जमीन पर मजार और रास्ते को लेकर निर्माण कार्य अटक गया था।
एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि बस अड्डा निर्माण को लेकर सभी अड़चने दूर कर ली गई हैं। निर्माण कार्य शुरू हो गया है और जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। बस अड्डा का निर्माण होने के बाद सभी को राहत मिलेगी।
आवासों का निर्माण कमोबेश पूरा हो गया है। बिजली और पानी आदि के बंदोबस्त का पैसा नहीं मिला है। इसके चलते निर्माण कार्य रुका हुआ है। - एएम खान, पीओ डूडा, बुलंदशहर