स्वास्थ्य विभाग के दावों से इतर बुखार का कहर जिले में पैर पसारता जा रहा है। एक के बाद एक गांव बुखार की चपेट में आ रहे हैं। डिबाई और चंदेरू गांव में हुई दो मौतों के बाद मौतों का आंकड़ा भी 40 पहुंच गया है। सीएमओ ने गांवों में कैंप लगा रहीं स्वास्थ्य टीमों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अफसरों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है।
डिबाई क्षेत्र के गांव दानगढ़ निवासी श्योराज शर्मा को पिछले कई दिनों से बुखार था। परिजन उनका उपचार एक निजी चिकित्सक के यहां करा रहे थे। सोमवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। इसके अलावा नगर क्षेत्र के गांव चंदेरू निवासी सूरजमल गुप्ता को भी पिछले कई दिनों से बुखार था।
उन्हें हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। चंदेरू की प्रधान शबाना बेगम ने बताया कि गांव में करीब 500 से 600 लोग बुखार की चपेट में हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एक दिन कैंप भी लगाया गया, लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। बुखार के पैर पसारने से लोगों में दहशत व्याप्त है।
जानकारी ली जा रही है कि दोनों व्यक्तियों की मौत का कारण क्या है। जांच के बाद ही ें कुछ कह पाना संभव है। इसके अलावा स्वास्थ्य टीमें बढ़ाई जा रही है। सभी प्रभारियों को अलर्ट किया गया है। - डॉ. दीपक ओहरी, सीएमओ